
ऑस्ट्रेलिया की जीत ने ग्रुप ए का समीकरण बदला
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ को और स्पष्ट कर दिया है, लेकिन इस नतीजे ने टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत इस समय ग्रुप ए में 3 मैचों में 2 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है, हालांकि स्थिति उतनी सुरक्षित नहीं दिख रही जितनी अंक तालिका में नजर आती है।
ऑस्ट्रेलिया ने अब तक अपने सभी 4 मुकाबले जीतकर 8 अंक हासिल कर लिए हैं और लगभग सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत के लिए चिंता की बात यह है कि उसका एक मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी बाकी है, जिसे जीतना बेहद कठिन माना जा रहा है। ऐसे में एक भी हार भारत की स्थिति को जटिल बना सकती है।
भारत के लिए अब दोनों मैच अहम, रन रेट भी बनेगा फैक्टर
अगर भारतीय टीम अपने बचे हुए मैचों में से एक भी हार जाती है, तो दक्षिण अफ्रीका की सेमीफाइनल उम्मीदें मजबूत हो सकती हैं। प्रोटियाज टीम को नीदरलैंड्स और बांग्लादेश के खिलाफ आसान मुकाबले मिलने की संभावना है, जहां वे फेवरेट मानी जा रही है।
भारत का अगला मैच 25 जून को बांग्लादेश के खिलाफ मैनचेस्टर में होगा, जबकि 30 जून को लॉर्ड्स में टीम ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे और सेमीफाइनल की दौड़ में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
पाकिस्तान की बात करें तो टीम ने अब तक सभी चार मुकाबले गंवाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हें 113 रन से करारी हार मिली, जिसमें उन्होंने 200 रन के लक्ष्य के जवाब में सिर्फ 86 रन बनाए और पूरी टीम 13.4 ओवर में ऑलआउट हो गई।