
विराट ने रोहित और धोनी को पीछे छोड़ा
विराट कोहली IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज ने अब तक 230 करोड़ रुपये कमाए हैं। फैनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन इंडिया की नई रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
कोहली 2008 से लगातार RCB के लिए खेल रहे हैं और ब्रांड वैल्यू के मामले में भी लीग के सबसे बड़े चेहरे हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा 227.2 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के एमएस धोनी 200 करोड़ रुपये कमाकर तीसरे नंबर पर पहुंचे हैं।
महिलाओं में मंधाना टॉप पर
महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना 13.7 करोड़ रुपये की कमाई के साथ सबसे आगे हैं। टॉप 10 भारतीय महिला क्रिकेटरों की कुल कमाई 90 करोड़ रुपये है जो कोहली की कमाई से भी आधी से कम है।
कोलकाता सबसे महंगी फ्रेंचाइजी
कोलकाता नाइट राइडर्स की वैल्यू 19,200 करोड़ रुपये आंकी गई है। शाहरुख खान और जूही चावला की इस टीम को IPL की सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी का दर्जा मिला है। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों की वैल्यू लगभग 18,400 करोड़ रुपये है।
IPL की सभी 10 टीमों का कुल वैल्युएशन 1.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक IPL अब वैल्यूएशन में NFL और EPL जैसी बड़ी लीगों को कड़ी टक्कर दे रही है।
हॉकी में कम कमाई का अंतर
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह हॉकी इंडिया लीग में सबसे ज्यादा कमाने वाले खिलाड़ी हैं लेकिन उनकी कमाई सिर्फ 78 लाख रुपये है। अन्य खिलाड़ियों की कमाई और भी कम है। इससे साफ है कि भारत के खेल बाजार में क्रिकेट का कितना दबदबा है।