
मैच के बाद नया विवाद सामने आया
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। चेन्नई ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से बेंगलुरु के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
यह विवाद 5 अप्रैल को खेले गए उस मैच से जुड़ा है, जो बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ था। चेन्नई का आरोप है कि मुकाबले के दौरान स्टेडियम में ऐसा गाना चलाया गया, जिसमें डोसा, इडली, सांभर और चटनी जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर उनकी टीम और खिलाड़ियों पर कटाक्ष किया गया।
CSK प्रबंधन ने जांच की मांग उठाई
रिपोर्ट के अनुसार, CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने कहा कि आम तौर पर स्टेडियम का डीजे घरेलू टीम को समर्थन देने के लिए होता है, लेकिन इस मैच में कुछ टिप्पणियां खास तौर पर चेन्नई के खिलाड़ियों को निशाना बनाती हुई लगीं।
इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने BCCI को पत्र लिखकर मामले की जांच का अनुरोध किया। चेन्नई का मानना है कि खेल के माहौल में समर्थन अलग बात है, लेकिन किसी टीम या उसके खिलाड़ियों का मजाक बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पुराना वीडियो भी फिर चर्चा में आया
इस विवाद के बाद पिछले साल का एक पुराना मामला भी फिर चर्चा में आ गया है। तब RCB ने चेन्नई के खिलाफ मैच से पहले अपने विकेटकीपर जितेश शर्मा का एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह इडली और डोसा वाला गाना गाते दिखे थे।
उस समय CSK समर्थकों ने इस पर नाराजगी जताई थी, हालांकि मामला ज्यादा नहीं बढ़ा था। अब मौजूदा शिकायत के बाद वही गाना और उससे जुड़ी बातें फिर से ध्यान में आ गई हैं।
मैदान पर RCB का दबदबा दिखा
मैच की बात करें तो बेंगलुरु ने चेन्नई को 43 रन से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 250 रन बनाए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। जवाब में CSK की टीम 207 रन तक ही पहुंच सकी।
बेंगलुरु की ओर से टिम डेविड ने 25 गेंद में 70 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे. रजत पाटीदार ने 48, फिल सॉल्ट ने 46, विराट कोहली ने 28 और देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन जोड़े. गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए और आईपीएल में अपने 200 विकेट भी पूरे किए. अभिनंदन सिंह, जैकब डफी और क्रुणाल पंड्या ने 2-2 विकेट हासिल किए.