
अहमदाबाद में आज होगा महामुकाबला
टी20 विश्व कप सुपर 8 के महत्वपूर्ण मुकाबले में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका आज आमने-सामने होंगे। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मैच गुरुवार को खेला जाएगा।
अब तक अपराजेय रही वेस्टइंडीज की टीम के पास आक्रामक बल्लेबाज हैं जो मैच अपने दम पर जिताने का माद्दा रखते हैं। लेकिन अब उनका सामना दक्षिण अफ्रीका के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से होगा। दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मैच में इसी मैदान पर भारत को 76 रन से हराया था। वहीं वेस्टइंडीज ने मुंबई में जिम्बाब्वे को 107 रन से मात दी थी।
दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी ताकत
दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी लाइनअप ने भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। मार्को जेनसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबादा और लुंगी नगिदी ने मिलकर लगातार अच्छी गेंदबाजी की। अब कैरेबियाई बल्लेबाजों को इनके सामने चुनौती का सामना करना होगा।
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज भी कम नहीं हैं। डेविड मिलर ने अक्सर संकटमोचक की भूमिका निभाई है। भारत के खिलाफ पावरप्ले में विकेट गंवाने के बाद उन्होंने पारी संभाली। इस मैच में व्यक्तिगत टक्कर पर भी नजरें होंगी। शिमरोन हेटमायेर कैसे रबाडा की गेंदों को खेलते हैं या रोवमैन पावेल को महाराज की फिरकी कितना परेशान करती है।
मिलर का अनुभव अकील हुसैन के सामने कितना काम आता है या जेनसेन की उछाल ब्रेंडन किंग को रास आती है या नहीं – ये सवाल भी अहम होंगे।
पिच और टॉस का महत्व
मैच दिन में खेला जाएगा इसलिए ओस का फैक्टर नहीं रहेगा। टॉस का महत्व कम हो सकता है। पिच सूखी रहने से शुरूआत में स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। दक्षिण अफ्रीका ने अधिकांश मैच इसी मैदान पर खेले हैं इसलिए टीम यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ है। इसका फायदा उन्हें मिल सकता है।
यह मैच दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की दौड़ में बहुत अहम है।