
चुनाव की वजह से 2 फेज में बनेगा कैलेंडर, बेंगलुरु को मिली मेजबानी
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का शेड्यूल इस बार दो हिस्सों में जारी किया जाएगा। IPL गवर्निंग काउंसिल ने पुष्टि की है कि पहले पार्ट की तारीखें 6 या 7 मार्च को घोषित होंगी। ऑनलाइन बैठक में यह फैसला विधानसभा चुनावों के कारण लिया गया, ताकि सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियों को संभाला जा सके।
कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष मेनन के मुताबिक, टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच और फाइनल दोनों बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मुकाबले चिन्नास्वामी में खेलेगी। बाकी दो होम मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में कराए जाएंगे।
IPL की संभावित शुरुआत 28 या 29 मार्च, शुरुआती दौर में कुछ टीमों के कम होम मैच
पिछले साल दिसंबर में ऑक्शन के दौरान संकेत मिला था कि IPL 26 मार्च से शुरू हो सकता है, लेकिन उसी अवधि में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में क्रमशः KKR, CSK और RR के होम मैच होते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परेशानी बढ़ सकती है।
इसी वजह से लीग की शुरुआत 26 मार्च की बजाय 28 या 29 मार्च से होने की संभावना बताई गई है। शुरुआती फेज में CSK, KKR और RR के होम मैच कम रखे जा सकते हैं और इन टीमों को ज्यादा अवे मैच खेलते देखा जा सकता है। RR का मुख्य होम ग्राउंड जयपुर है, जबकि सेकेंड होम ग्राउंड गुवाहाटी में होने वाले मैच अप्रैल या मई में शिफ्ट किए जा सकते हैं।
फाइनल 31 मई को ही, तारीख में बदलाव की उम्मीद नहीं
शेड्यूल में बदलाव की गुंजाइश के बावजूद फाइनल 31 मई को ही कराने की योजना है। यह दिन रविवार होने के कारण बड़े मुकाबले के लिए उपयुक्त माना जाता है, इसलिए फाइनल की तारीख बदलने की संभावना कम है।